क्रिसमस के लिये तैयार राजधानी चर्च, बाजार और बेकरी में उत्सव का माहौल*

क्रिसमस के लिये तैयार राजधानी चर्च, बाजार और बेकरी में उत्सव का माहौल*

लखनऊ। शहर में क्रिसमस की तैयारियां पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाने की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। चर्चों में खास सजावट, बाजारों में रंग-बिरंगी लाइटें और घरों में गूंजते कैरोल्स गीतों ने शहर को उत्सव के रंग में रंग दिया है। इस बार क्रिसमस का जश्न न केवल धार्मिक कार्यक्रमों तक सीमित रहेगा, बल्कि सामुदायिक सेवाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से भी भरपूर होगा।

क्रिसमस का सबसे बड़ा आकर्षण चर्च होते हैं, जहाँ श्रद्धालु आध्यात्मिक शांति और सामुदायिक कार्यक्रमों में भाग लेते हैं। राजधानी के चर्चों में इस बार विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। हजरतगंज स्थित कैथोलिक कैथेड्रल चर्च क्रिसमस की रात यानि कि 24 दिसंबर को मिडनाइट मास का आयोजन हुआ। जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुये। चर्च को पारंपरिक झांकियों, क्रिसमस ट्री, और चमचमाती रोशनी से सजाया गया है। बच्चों के लिए क्रिसमस कैरोल और नाट्य प्रस्तुतियां आयोजित की जा रही हैं। वहीं राजधानी के कैंट में स्थित मथोडिस्ट चर्च में पूरे दिन कैरोल गायन और प्रार्थना सत्र आयोजित होंगे। चर्च में सांता क्लॉज बच्चों को गिफ्ट और मिठाइयाँ बांटेंगे। चर्च प्रांगण में विशेष बेतलेहम झांकी लगाई गई है, जो प्रभु यीशु के जन्म की कहानी को जीवंत रूप में प्रस्तुत करती है। वहीं हजरतगंज में ही ऑल सेंट्स चर्च की सजावट और झांकियां बहुत ही मनोहर सजायी गयी है। यहां भी 25 दिसंबर को सुबह सामूहिक प्रार्थना और शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। जबकि गोमतीनगर में रेजीडेंसी चर्च स्थित है। यह चर्च अपने संगीत और प्रार्थना सभाओं के लिए प्रसिद्ध है। इस बार यहाँ खास गॉस्पल म्यूजिक प्रस्तुत किया जाएगा।

क्रिसमस पर बाजारों में भी उत्सव छाया हुआ है। हजरतगंज, अमीनाबाद, गोमती नगर, और आलमबाग के बाजार क्रिसमस की रौनक से भर गए हैं। हजरतगंज में रंग-बिरंगी लाइटों और सजावट के साथ लोगों की भारी भीड़ दिख रही है। लोगों के लिये अमीनाबाद क्रिसमस ट्री, सजावटी सामान, और गिफ्ट्स खरीदने के लिए सबसे पसंदीदा स्थान बना हुआ है। गोमती नगर की बेकरी और कैफे में खास क्रिसमस मेनू उपलब्ध है। शहर की बड़ी बेकरियों ने क्रिसमस के मौके पर बड़ी डिमांड को देखते तरह तरह के केक की भी तैयारियां करके रखी है। क्रिसमस का जश्न केक के बिना अधूरा है। इस बार राजधानियों की बेकरी में 50 हजार से 60 हजार किलो तक केक के आर्डर एडवांस में आ चुके हैं। जबकि और भी केक तैयार किए जा रहे हैं। निरालानगर की प्रसिद्ध बेकरी में खास क्रिसमस फ्रूट केक और प्लम केक की मांग बढ़ी है। हजरतगंज की केक शॉप्स में बटरस्कॉच, चॉकलेट ट्रफल, और रेड वेलवेट केक के ऑर्डर सबसे ज्यादा मिल रहे हैं। गोमती नगर कैफे में क्रिसमस कुकीज और हॉट चॉकलेट भी काफी लोकप्रिय हैं।

चर्च के पादरी और सामाजिक संगठनों ने लोगों से अपील की है कि वे इस त्योहार पर भाईचारे और शांति का संदेश फैलाएं। “क्रिसमस केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि एक भावना है, जो हमें दूसरों के लिए प्यार और सेवा करना सिखाती है।”

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था

लखनऊ प्रशासन ने क्रिसमस के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। चर्चों और बाजारों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती होगी।

कलाम द ग्रेट न्यूज़ 9 वर्षों से लगातार पढ़ा जाने वाला अखबार एवं पोर्टल

"कलाम द ग्रेट न्यूज खबरें सबसे पहले"उत्तर प्रदेश लखनऊ से प्रकाशित न्यूज़ में जोड़ने के लिए अथवा मंडल स्तरीय ब्यूरो चीफ एवं संवाददाता बनने के लिए संपर्क करें।